दर्यापुर की महिला ने जला दी रिश्तेदार की कार
इर्ष्या बडी घनघोर

* नागपुर पुलिस ने किया अरेस्ट
नागपुर/दि.2- दर्यापुर निवासी महिला ने अपने रिश्तेदार से जलन के कारण यहां गोधनी के फागोजी लेआउट में रहनेवाले एसटी बस चालक निखिलेश राजूरकर की कार जला डाली. मानकापुर पुलिस ने 55 वर्ष की आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है. महिला और राजूरकर परिवार के बीच बरसों से रंजिश चले आने की जानकारी पुलिस ने दी और बताया कि, इसी बात के गुस्से में महिला ने कार को आग लगाई.
आरोपी महिला नाम पुष्पा काशीराम आमले बताया गया है. वे दर्यापुर के जेनपुर गांव की निवासी है. पुष्पा भी पहले गोधनी में अपने पति काशीराम आमले के साथ रहती थी. आमले और राजूरकर के बीच आर्थिक लेन-देन के कारण रार हुई. काशीराम आमले के कुछ साल पहले कत्ल के बाद से पुष्पा मूल गांव चली गई. वह गोधनी में अपने रिश्तेदारों से मेलमिलाप के लिए गाहे-बगाहे आती थी. पुलिस जांच में बताया गया कि, निखिलेश और उसके परिवार से पुष्पा के संबंध बिगडते चले गए. फिर दोनों परिवार एक-दूसरे को अनदेखा करने लगे. पुलिस को शक है कि, पुष्पा ने अपमान के कारण गुस्से में आकर गत 30 मई को तडके फागोजी लेआउट पहुंचकर राजूरकर के घर के आहाते में पडी कार एमएच-40/डीई-3375 जला डाली. पुलिस ने राजूरकर के शिकायत पर अपराध दर्ज किया. वरिष्ठ निरीक्षक हरीश कालसेकर ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य बातों से तहकीकात कर आरोपी महिला का पता लगा लिया. मध्यरात्री के बाद ढाई बजे पुष्पा ने निखिलेश की कार जला देने का खुलासा सीसीटीवी फुटेज से हुआ है.





