संजय दिना पाटिल पर देवेंद्र फडणवीस का बड़ा बयान
धमकियाँ देने वालों को पुलिस देगी माकूल जवाब

नागपुर /दि.25- शिवसेना उबाठा सांसद संजय राउत और शिंदे गुट के सांसद संजय दिना पाटिल के बीच बढ़ा राजनीतिक तनाव अब एक गंभीर मोड़ पर आ गया है. इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ कर दिया है कि राज्य में किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
फडणवीस ने दी चेतावनी संजय राउत द्वारा मुंबई पुलिस आयुक्त को लिखे गए पत्र और संजय दिना पाटिल पर लगाए गए गंभीर आरोपों पर देवेंद्र फडणवीस ने कहा, हम किसी के घर को बम से उड़ाने जैसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेंगे. किसी को भी खोखली धमकियों से डरने की जरूरत नहीं है. यदि कोई भी व्यक्ति धमकियाँ दे रहा है, तो पुलिस उसे माकूल और सख्त जवाब देगी. सांसद संजय राउत ने मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती को पत्र लिखकर संजय दिना पाटिल पर गंभीर आरोप लगाए हैं. राउत ने अपने पत्र में दावा किया है कि उत्तर-पूर्व मुंबई में आंदोलन कर रहे नागरिकों को सांसद संजय दिना पाटिल द्वारा जान से मारने की धमकियाँ दी जा रही हैं.
राउत ने पत्र में लिखा है कि संजय पाटिल ने कथित तौर पर कहा, मेरे नाम से मत उलझो. मेरे खिलाफ आंदोलन करने से पहले अपना जीवन बीमा करवा लो. मैं तुम्हें सीधा श्मशान या अस्पताल पहुँचा दूँगा. इतना ही नहीं, राउत का आरोप है कि पाटिल ने यह भी कहा कि उन्होंने अतीत में 5 लोगों की हत्या की है और यदि कोई उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगा, तो वे बम से हमला करेंगे. संजय राउत ने पुलिस से मांग की है कि संजय दिना पाटिल के घर की तुरंत तलाशी ली जानी चाहिए. राउत ने तर्क दिया कि यदि पाटिल घर में बम होने का दावा कर रहे हैं, तो इसकी जांच के लिए एटीएस की मदद ली जानी चाहिए. उन्होंने पाटिल पर ’यूएपीए’ कानून के तहत मामला दर्ज कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है.





