रविवार की पिकनिक बनी मातम

6 वर्षीय बच्चे समेत तीन लोगों की डूबने से मौत

* नागपुर शहर के कामठी परिसर की घटना
नागपुर /दि.8- रविवार की छुट्टी मनाने के लिए कन्हान नदी के महादेव घाट पहुंचे दो परिवारों की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब नदी में डूबने से एक 6 वर्षीय बच्चे सहित तीन लोगों की मौत हो गई. यह दर्दनाक हादसा रविवार दोपहर करीब 12.30 बजे हुआ. मृतकों की पहचान रोहित महादेव नागदेवे (35, निवासी कुंभारे कॉलोनी, कामठी), गौतम राजकुमार अंबाडे (31, निवासी इंदिरानगर, जरीपटका, नागपुर) तथा चैतन्य बबलू अंबाडे (6, निवासी जरीपटका, नागपुर) के रूप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक ई-रिक्शा चालक रोहित नागदेवे अपने परिवार के साथ महादेव घाट पर पिकनिक मनाने पहुंचे थे. वहीं, जरीपटका निवासी गौतम अंबाडे भी अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ वहां घूमने आए थे. दोनों परिवारों के कुल 13 सदस्य नदी किनारे खाना बनाने और छुट्टी का आनंद लेने में व्यस्त थे. इसी दौरान 6 वर्षीय चैतन्य अंबाडे खेलते-खेलते नदी किनारे पहुंच गया. अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी में बने एक गहरे गड्ढे में गिरकर डूबने लगा. बच्चे को बचाने के लिए उसके चाचा गौतम अंबाडे तुरंत नदी में कूद पड़े, लेकिन उन्हें तैरना नहीं आता था, जिससे वे भी पानी में डूबने लगे. यह दृश्य देखकर पास खड़े रोहित नागदेवे भी मानवता के नाते दोनों को बचाने के लिए नदी में उतर गए, लेकिन गहराई का अंदाजा नहीं होने और तैरना न आने के कारण वे भी पानी में समा गए. तीनों को डूबता देख गौतम के पिता राजकुमार अंबाडे भी नदी में कूद गए. हालांकि वे किसी तरह संघर्ष करते हुए बाहर निकलने में सफल रहे और उनकी जान बच गई.
* खुशियों के बीच छाया मातम
रविवार की छुट्टी का आनंद लेने पहुंचे दोनों परिवारों ने भोजन की पूरी तैयारी कर रखी थी. लेकिन कुछ ही पलों में हंसी-खुशी का माहौल चीख-पुकार और मातम में बदल गया. मौके पर रखा खाना और पिकनिक का सामान यूं ही पड़ा रह गया. घटना को देखने वाले लोगों की आंखें नम हो गईं.
* पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही जूना कामठी पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक मनीष हिवरकर, पुलिस उपनिरीक्षक सागर भंडारी और उनकी टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने तत्काल नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों शवों को बाहर निकाला. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. इस हृदयविदारक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है.

Back to top button