शिवसेना पार्षद और राष्ट्रवादी कार्यकर्ता की मौत

देऊलगांव राजा थाने के सामने खूनी संघर्ष

 कव्वाली कार्यक्रम में शायरी को लेकर शुरू हुआ विवाद राजनीतिक दुश्मनी में बदला
 दो गुटों में धारदार हथियारों से हमला, शहर में तनाव
बुलढाणा/दि.6 – देऊलगांव राजा शहर में कव्वाली कार्यक्रम के बाद शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. पुलिस थाने के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने दो गुट आमने-सामने आ गए और दोनों ओर से धारदार हथियारों से हमला किया गया. इस हिंसक झड़प में शिवसेना (शिंदे गुट) के पार्षद अनवर शेख और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के कार्यकर्ता आरिफ शेख गंभीर रूप से घायल हो गए. उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई. घटना के बाद देऊलगांव राजा शहर में तनाव का माहौल निर्माण हो गया है.
जानकारी के मुताबिक शहर में कव्वाली कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम के दौरान शायरी को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ. प्रारंभ में मामूली दिखाई देने वाला यह विवाद बाद में इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग देऊलगांव राजा पुलिस थाने के मुख्य गेट के सामने ही आमने-सामने आ गए. बताया जा रहा है कि दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया. अचानक हुए इस खूनी संघर्ष से पुलिस थाने के सामने अफरा-तफरी मच गई. हमले में अनवर शेख और आरिफ शेख गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.
* राजनीतिक रंजिश की भी चर्चा
घटना के पीछे पुराने राजनीतिक विवाद की पृष्ठभूमि होने की चर्चा है. मृतकों में एक शिवसेना (शिंदे गुट) से जुड़े पार्षद और दूसरा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) का कार्यकर्ता होने के कारण इस घटना को राजनीतिक टकराव से भी जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और घटनाक्रम के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे, इसका स्पष्ट खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा.
* बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात
दो लोगों की हत्या की घटना सामने आने के बाद देऊलगांव राजा शहर में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. शहर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस अधिकारियों द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है तथा घटना में शामिल आरोपियों और विवाद के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस थाने के ठीक सामने हुई इस दोहरी हत्या की घटना से पूरे शहर में खलबली मच गई है. अब पुलिस के सामने घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की चुनौती है.

Back to top button